कोटा। कोटा शहर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 43.860 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली गई।
पुलिस के अनुसार विशेष अभियान के तहत आर.के.पुरम थाना पुलिस ने चित्तौड़गढ़ रोड (NH-27) पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने कार को वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे प्लास्टिक के कट्टों से 43.860 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा (शुद्ध वजन 43.430 किलोग्राम) बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह मादक पदार्थ झालावाड़ क्षेत्र से अन्य स्थानों पर सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





