-भारत सिंह चौहान
कोटा। जीतो लेडीज विंग कोटा ने हरिद्वार में आयोजित जीतो लेडीज विंग के राष्ट्रीय समीक्षा सम्मेलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सात प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए। देश-विदेश की 125 जीतो लेडीज विंग्स की सहभागिता वाले इस सम्मेलन में कोटा विंग ने राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त कर हाड़ौती का गौरव बढ़ाया। वर्ष 2014 से सक्रिय जीतो लेडीज विंग कोटा को पहली बार 07 पुरस्कार मिलना उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है।
जीतो लेडीज विंग कोटा की चेयरपर्सन मंजु लुंकड़ ने बताया कि सम्मेलन में जीतो लेडीज विंग कोटा को महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न नवाचारों के लिए सम्मानित किया गया। ‘आत्मनिर्भर’ परियोजना के अंतर्गत जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन एवं हथकरघा मशीन उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों को विशेष सराहना मिली। वहीं सरमन आरोग्यम परियोजना के तहत साधु-साध्वियों एवं भगवंतों की वैयावृत्ति सेवा तथा चिकित्सा शिविरों के सफल संचालन को भी पुरस्कार मिला। इसके अतिरिक्त ‘उड़ान’, हेल्थ एवं न्यूट्रिशन तथा जॉब फेयर जैसी जनकल्याणकारी परियोजनाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।सम्मेलन में देश-विदेश से सैकड़ों की संख्या में जीतो सदस्याओं ने भाग लिया।
चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन ने बताया कि पुरस्कार जीतो लेडीज विंग एपेक्स की चेयरपर्सन शीतल दुग्गड़, सेक्रेटरी शशि मंडोत तथा डायरेक्टर इंचार्ज सोनाली दुग्गड़ के कर-कमलों से प्रदान किए गए। सम्मेलन के दौरान कोटा विंग द्वारा वर्षभर में संचालित सामाजिक एवं सेवा कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिसकी सभी प्रतिभागियों ने सराहना की।
राजस्थान जोन कन्वीनर सरिता लोढ़ा ने जीतो लेडीज विंग कोटा की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी संगठन की सफलता टीमवर्क, समर्पण और सकारात्मक सोच का परिणाम होती है। इस अवसर पर जीतो मेन चैप्टर कोटा के चेयरमैन पंकज सेठी तथा फाउंडर चेयरपर्सन अनिल मंडोत ने भी लेडीज विंग के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।






