-भारत सिंह चौहान
कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार शनिवार को कोटा एयरपोर्ट के सामने झालावाड़ रोड स्थित प्लांटर एरिया के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
केडीए सचिव मुकेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने प्लांटर एरिया में लगाए गए ठेले और थड़ियों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार इन अतिक्रमणों के कारण सड़क की दो लेन प्रभावित हो रही थीं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती थी और यह स्थान दुर्घटना संभावित क्षेत्र बनता जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
केडीए ने बताया कि हटाए गए दोनों प्लांटर एरिया में जल्द ही रेलिंग लगाकर वृक्षारोपण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ दोबारा अतिक्रमण की संभावना भी कम होगी।
इस कार्रवाई के दौरान केडीए सचिव मुकेश कुमार चौधरी, निदेशक अभियंत्रिकी रवीन्द्र माथुर, तहसीलदार ललित किशोर नागर, भू-अभिलेख निरीक्षक हरिश्चन्द्र प्रजापति, सत्यनारायण मीणा, संबंधित तकनीकी स्टाफ तथा पुलिस जाब्ते के साथ थाना प्रभारी मौजूद रहे।






