कोटा /शहीद-ए-आज़म चंद्रशेखर आज़ाद की 120वीं जयंती के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर0 कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में आंवली वन क्षेत्र में 120 पौधों का पौधारोपण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को हरित श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण करना है।
शिक्षा सहकारी अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा स्काउट-गाइड इकाइयों के प्रतिनिधि भाग लेकर पौधारोपण करेंगे। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन देशभक्ति, साहस, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। उनकी जयंती पर पौधे लगाकर भावी पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी सभा के संचालक मंडल के डायरेक्टर एवं पदाधिकारी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। इसके अलावा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा, नयागांव, रोझड़ी तथा राजकीय विद्यालय आंवली के शिक्षक एवं विद्यार्थी भी अभियान में शामिल होंगे। कार्यक्रम में कोटा जिला यूथ कमेटी के सदस्य भी अपनी सहभागिता निभाएंगे।
मंत्री जमनालाल गुर्जर ने बताया कि स्काउट-गाइड परिवार की ओर से सरोजिनी नायडू ओपन गाइड कंपनी, मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम तथा चंद्रशेखर आज़ाद ओपन रोवर क्रू के स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर, कब एवं बुलबुल उत्साहपूर्वक पौधारोपण करेंगे। अभियान के दौरान पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में सघन हरित क्षेत्र का रूप ले सकें।
प्रकाश जायसवाल, महेंद्र नागर एवं जमनालाल गुर्जर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शहीद-ए-आज़म चंद्रशेखर आज़ाद की 120वीं जयंती पर आयोजित यह पौधारोपण अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति प्रेम और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी संदेश देगा।






