Thursday, November 5, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

 डीआरएम अनिल कालरा की विशेष पहल पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीडिया सेल का शुभारंभ

रेलवे और मीडिया के बीच बेहतर संवाद, समन्वय एवं सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को मिलेगा नया मंच

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे का पहला समर्पित ‘जनसंपर्क एवं मीडिया सेल’ कोटा रेल मंडल में शुरू हो गया है। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने गुरुवार, 05 नवंबर को डीआरएम कार्यालय परिसर में कैंटीन के समीप नवस्थापित जनसंपर्क एवं मीडिया सेल का उद्घाटन किया। यह अभिनव पहल मंडल रेल प्रबंधक  अनिल कालरा की संकल्पना एवं विशेष प्रयासों से साकार हुई है, जिसका उद्देश्य रेलवे और मीडिया के बीच बेहतर संवाद, समन्वय एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा की पहल पर स्थापित इस सेल में मीडिया प्रतिनिधियों के बैठने एवं रेलवे अधिकारियों के साथ सहज संवाद के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सेल में आरामदायक सोफा, कुर्सियां, टेबल, वातानुकूलित कक्ष एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इस समर्पित सेल के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को रेलवे की विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, नई तकनीकों, परिचालन उपलब्धियों एवं जनहितकारी गतिविधियों की प्रामाणिक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

जनसंपर्क के साथ डिजिटल मीडिया को भी मिलेगी नई गति

यह सेल पारंपरिक जनसंपर्क कार्यों के साथ डिजिटल प्रचार-प्रसार के केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा। इसके माध्यम से कोटा मंडल के रेलवे स्टेशनों, यात्री सुविधाओं, विकास कार्यों, माल परिवहन गतिविधियों एवं रेलवे की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर वीडियो, रील्स, फोटो स्टोरी तथा अन्य डिजिटल सामग्री तैयार की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रेलवे की गतिविधियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं मीडिया कवरेज की नियमित निगरानी की जाएगी।

इस अवसर पर अपर रेल प्रबंधक ललित कुमार धुरंधर एवं श्री योगेश कुमार मित्तल सहित सभी शाखाधिकारी एवं मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे| उद्घाटन के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने कॉन्फ्रेंस हॉल में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद एवं प्रेस ब्रीफिंग की। इस अवसर पर रेलवे से संबंधित विभिन्न विषयों तथा जनसंपर्क गतिविधियों पर चर्चा की गई।

डीआरएम अनिल कालरा की इस पहल से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में जनसंपर्क व्यवस्था को एक नई पहचान मिली है। यह सेल रेलवे और मीडिया के बीच नियमित संवाद का प्रमुख केंद्र बनने के साथ ही कोटा मंडल की विकासात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों को आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायक होगा।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles