Thursday, November 5, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026: मीका सिंह के बॉलीवुड चार्टबस्टर्स पर झूमे कोटावासी, ‘मौजा ही मौजा’ से ‘गंदी बात’ तक मचा धमाल

‘दमादम मस्त कलंदर’ से हुई शुरुआत, ‘सावन में लग गई आग’ और ‘मौजा ही मौजा’ पर जमकर थिरके दर्शक

सूफी, सदाबहार नग़मों और पंजाबी फोक का दिखा संगम, देर रात तक गूंजते रहे ‘वंस मोर’ के नारे

कोटा। राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 की सांस्कृतिक श्रृंखला के तहत बुधवार शाम मेला परिसर स्थित ऐतिहासिक विजयश्री रंगमंच पर आयोजित ‘सिने संध्या स्टार नाइट’ में बॉलीवुड के मशहूर पार्श्वगायक एवं संगीतकार मीका सिंह ने अपनी धमाकेदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मीका सिंह की शानदार आवाज, ऊर्जावान अंदाज और एक के बाद एक सुपरहिट गानों ने हजारों संगीत प्रेमियों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

मंच पर मीका सिंह के पहुंचते ही पूरा परिसर तालियों, सीटियों और उत्साहपूर्ण नारों से गूंज उठा। उन्होंने जय श्रीराम कहकर दर्शकों का अभिवादन किया। संगीत प्रेमियों ने भी जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, क्षेत्रीय विधायक संदीप शर्मा, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी कोटा के अध्यक्ष राजेश बिरला तथा राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निगम प्रशासन की ओर से महापौर अनुसुइया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी एवं मेला अधिकारी ओपी मेहरा ने कलाकारों और अतिथियों का साफा पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

‘दमादम मस्त कलंदर’ से शुरुआत, किशोर कुमार के गीत ने दिलाई पुरानी यादें

मीका सिंह ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति की शुरुआत मशहूर सूफी गीत ‘दमादम मस्त कलंदर’ से की। इसके बाद उन्होंने राजस्थानी लोकगीत ‘केसरिया बालम’ की धुन छेड़कर राजस्थान की सांस्कृतिक खुशबू बिखेरी। फिल्म ‘सुल्तान’ का लोकप्रिय गीत ‘लगे 440 वॉट तेरे छूने से’ गाकर युवाओं में जोश भर दिया।

वहीं, महान गायक किशोर कुमार के सदाबहार गीत ‘इंतहा हो गई इंतजार की’ को अपने खास अंदाज में पेश कर उन्होंने दर्शकों को पुरानी यादों में खोने का मौका दिया। इसके बाद ‘सावन में लग गई आग’ के ओरिजिनल और रीमिक्स अंदाज ने पूरे रंगमंच पर जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया।

बॉलीवुड के सुपरहिट गानों पर थिरके दर्शक

संगीत संध्या में बॉलीवुड चार्टबस्टर्स की ऐसी झड़ी लगी कि दर्शक भी गानों के साथ सुर मिलाते और थिरकते नजर आए। मीका सिंह ने ‘तुम पर हम हैं अटके यारा’, ‘बचना ऐ हसीनों’ और ‘ओम शांति ओम’ जैसे लोकप्रिय गीतों से माहौल को खुशनुमा बना दिया।

इसके बाद फिल्म ‘देसी बॉयज’ का ‘सुबह होने न दे’ और ‘जब वी मेट’ का सुपरहिट गाना ‘मौजा ही मौजा’ पेश किया। ‘सिंबा’ का ‘आंख मारे’, ‘किक’ का ‘जुम्मे की रात’, ‘बजरंगी भाईजान’ का ‘आज की पार्टी’ और ‘आर… राजकुमार’ का ‘गंदी बात’ सुनकर दर्शक झूम उठे।

उन्होंने ‘मुबारकां’ का ‘हवा हवा’, ‘लुका छुपी’ का ‘पोस्टर लगवा दो’, ‘फटा पोस्टर निकला हीरो’ का ‘तू मेरे अगल बगल है’, ‘रेडी’ का ‘ढिंक चिका’, ‘सिंह इज किंग’ का ‘बस एक किंग’, ‘एजेंट विनोद’ का ‘पुंगी’ और ‘इश्किया’ का ‘इब्न-ए-बतूता’ जैसे सुपरहिट गीतों की प्रस्तुतियां देकर संगीत प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।

पंजाबी फोक और वेडिंग सॉन्ग ने जमाया रंग

बॉलीवुड गीतों के साथ पंजाबी संगीत का तड़का भी देखने को मिला। मीका सिंह ने ‘जुत्ती मेरी’ जैसे पंजाबी फोक गीत और ‘दिन शगना’ जैसे भावनात्मक वेडिंग ट्रैक से संगीत संध्या में अलग रंग भर दिया। वहीं ‘रमैया वस्तावैया’ का ‘जादू की झप्पी’ और ‘दे दे प्यार दे’ का ‘मुखड़ा देख के’ सुनाकर दर्शकों को खूब झुमाया।

मीका सिंह की नॉनस्टॉप प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों की ओर से लगातार ‘वंस मोर’ के नारे गूंजते रहे। सूफी संगीत से लेकर पंजाबी फोक और बॉलीवुड के धमाकेदार गीतों तक सजी यह स्टार नाइट राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 की यादगार संगीतमय शामों में शामिल हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles