कोटा दशहरा मेले की पंजाबी नाइट में हंगामा, झगड़ा करने वाले 4 गिरफ्तार; शराब पीकर उत्पात मचाने वाला भी पकड़ा
कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में आयोजित पंजाबी नाइट के दौरान झगड़े और हंगामे के मामले में किशोरपुरा थाना पुलिस ने पांच व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। इनमें चार व्यक्तियों को झगड़ा कर शांति भंग करने के आरोप में, जबकि एक व्यक्ति को शराब पीकर हंगामा करने के मामले में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, झगड़ा करने के आरोप में सुमित मीणा, जुनेद मोहम्मद, कन्हैया उर्फ कन्नौ और गौरव कश्यप को गिरफ्तार किया गया। वहीं, शराब पीकर उत्पात मचाने के आरोप में शाहरुख खान को राजस्थान पुलिस एक्ट की धारा 60 के तहत गिरफ्तार किया गया।
रंगमंच के पास झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि दशहरा मेले में असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों पर निगरानी रखने के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 3 नवंबर को पंजाबी नाइट कार्यक्रम के दौरान रंगमंच के पास झगड़े की सूचना मिली। इस पर किशोरपुरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शांति भंग करने के आरोप में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शराब पीकर हंगामा करने वाले शाहरुख खान को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों के नाम और पते
1. सुमित मीणा — निवासी ग्राम रोन, तहसील पीपल्दा, थाना इटावा, कोटा ग्रामीण।
2. जुनेद मोहम्मद — निवासी राजनगर, देव रिसॉर्ट के पास, थाना बोरखेड़ा, कोटा शहर।
3. कन्हैया उर्फ कन्नौ — निवासी दशहरा मैदान के पास, झुग्गी बस्ती।
4. गौरव कश्यप — निवासी घोड़ा वाला चौराहा, किलेश्वर महादेव के पास, थाना जवाहर नगर, कोटा शहर।
5. शाहरुख खान — निवासी 96-सी, वक्फ नगर, दादाबाड़ी, कोटा।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दशहरा मेले और रंगमंच पर आयोजित कार्यक्रमों का आनंद शालीनता एवं अनुशासन के साथ लें। मेले में हुड़दंग, नशाखोरी और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






