कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण में तेजी, संभागीय आयुक्त ने किया निरीक्षण
कोटा/बूंदी, 21 जुलाई। संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने शंभूपुरा स्थित निर्माणाधीन कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर कर कार्य में तेजी लाई जाए।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने केडीए, जेवीवीएनएल, आरवीपीएल और पीएचईडी को आपसी तालमेल बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने वन विभाग से संबंधित क्लीयरेंस प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, जिससे एयरपोर्ट निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके।
इस अवसर पर केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी, केडीए सचिव मुकेश चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






