Friday, October 2, 2026
file_000000001f3c81f8af4bf00ddfabb1bf
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा पुलिस का बड़ा एक्शन: घरों और वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

कोटा। शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में घरों और वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में शामिल हिमांशु मीणा और आयुष को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह मामला प्रगति नगर कॉलोनी का है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर कुछ बदमाशों ने पहले एक युवक के साथ मारपीट की। आरोपियों ने युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसे जबरन वाहन में बैठाया और सुनसान इलाके में ले जाकर लोहे की सरियों और पाइपों से बेरहमी से हमला किया।

गंभीर हमले के दौरान युवक ने अपनी जान बचाने के लिए साहस दिखाते हुए कुन्हाड़ी पुलिया के पास चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे वह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहा। इसके बाद आरोपी वापस कॉलोनी पहुंचे और वहां खड़े कई वाहनों तथा कुछ मकानों में जमकर तोड़फोड़ कर इलाके में दहशत फैला दी।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बोरखेड़ा थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों हिमांशु मीणा और आयुष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, आमजन में भय का माहौल पैदा करने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles