कोटा/कोटा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम ने एक यात्री की चोरी हुई संपत्ति, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग ₹4,50,000 है, बरामद करते हुए मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कोटा श्री पवन श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि रेल मदद पोर्टल पर दर्ज शिकायत में बताया गया कि ट्रेन संख्या 19020 हरिद्वार एक्सप्रेस के कोच एम-1 से एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। पर्स में एक सोने का मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने की बालियां, दो जोड़ी अंगूठियां तथा लगभग 50,000 रुपये नकद रखे थे।
इस संबंध में जीआरपी कोटा द्वारा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के दौरान निरीक्षक प्रभारी, आरपीएफ रामगंजमंडी द्वारा बांद्रा टर्मिनस से संबंधित कोच की सीसीटीवी फुटेज प्राप्त की गई। फुटेज के विश्लेषण में एक संदिग्ध व्यक्ति को कोच एम-1 से चोरी का पर्स ले जाते हुए देखा गया।
इसी फुटेज के आधार पर सहायक सुरक्षा आयुक्त-प्रथम श्री यशवंत सिंह, कोटा के निर्देशन में आरपीएफ मंडल टीम ने आरपीएफ रामगंजमंडी एवं जीआरपी कोटा के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को आरएमए (रामगंजमंडी) स्टेशन से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन संख्या 19020 हरिद्वार एक्सप्रेस के कोच एम-1 से चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया तथा चोरी की संपत्ति बरामद कराने पर सहमति दी।
पहचान की पुष्टि के बाद जीआरपी कोटा ने आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया। आरोपी की निशानदेही पर एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, सोने की अंगूठियां तथा लगभग 18,500 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य ₹4,50,000 है।
आरोपी की पहचान चंदर शोंधिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी गुना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विजय सिंह , उप निरीक्षक सुमित रघुवंशी (मंडल टीम), हेड कांस्टेबल सीताराम, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल सत्यव्रत की सराहनीय भूमिका रही।





