बारां/कोटा, 17 जून। हरे भरे पार्कों को मलबा भरकर नष्ट करने से क्षुब्ध हो कर कोटा विकास प्राधिकरण और प्रशासन को सद्बुद्धि देने के लिए गत दिवस हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट रविंद्र विजय ने बताया कि केडीए पार्कों में तथा कथित विकास के नाम पर मलबा भरकर घटिया इंटरलाकिंग टाईल्सों को बिछा रही है और पेड़ पौधों को नष्ट-भ्रष्ट करने का सिलसिला शुरू कर दिया है। इससे लोगों में रोष है। केडीए चेयरमैन और आयुक्त को भी अवगत करा दिया लेकिन प्राधिकरण के कारिंदे किसी की परवाह नहीं करते। पर्यावरण गतिविधियों से जुड़े पर्यावरणविद् बृजेश विजयवर्गीय ने कहा कि पेड़ों को बैमोत मारने का प्रयास है जिसे कोई सभ्य नागरिक बर्दाश्त नहीं कर सकता। प्राधिकरण ने पार्क और शहर की हरियाली को खत्म करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। प्रशासन शहर की हरियाली को लेकर संवेदनशील नहीं है। हनुमान चालीसा में पंडित नरेन्द्र गौतम गौतम,पूर्व पार्षद संजीव विजय, श्याम बिहारी,बनवारी लाल पंचोली, मदन लाल यादव, पर्यावरण गतिविधियोंके विनोद चतुर्वेदी,बीएल विजय, योगेन्द्र राठौड़, प्रीति विजय,संतोष विजय आदि क्षेत्र के गणमान्य पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। इस बारे में शीघ्र ही केडीए आयुक्त एवं अध्यक्ष को ज्ञापन दिया जाएगा। फिर भी सुधार नहीं हुआ तो बड़े पैमाने पर क्षेत्र के लोग आंदोलन करेंगे।














