कोटा। महाराव भीम सिंह अस्पताल में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के दौरे के दौरान संविदा कर्मियों ने अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन एवं मांग पत्र प्रस्तुत किया। इस दौरान लाडपुरा विधायक कल्पना देवी विधायक संदीप शर्मा तथा भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन भी मौजूद रहे।
संविदा कर्मियों ने बताया कि उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की कि जिन कर्मचारियों को सेवा से हटाया गया है, उन्हें पुनः कार्य पर लगाया जाए और उनके साथ न्याय किया जाए।
कर्मचारियों का कहना था कि वे लंबे समय से ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें हटाया जाना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने अपनी आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों का भी उल्लेख किया।
संविदा कर्मियों ने यह भी कहा कि हाल ही में जयपुर में एक संविदा कर्मचारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने कर्मचारियों में चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए ताकि किसी भी कर्मचारी को निराशा या मानसिक तनाव जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
कर्मचारियों ने सरकार एवं प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनकी नौकरी बहाल करने और रोजगार सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।





