कोटा/अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान सहप्रभारी पूनम पासवान के कोटा आगमन पर नयापुरा में महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर साफा बांधकर, माल्यार्पण कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूनम पासवान ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं, छात्रों, किसानों और आम जनता के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठा रहे हैं।
पासवान ने कहा कि आज देश का युवा अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। नीट परीक्षा की धांधली, सीबीएसई द्वारा विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और बेरोजगारी का बढ़ता दंश देश के करोड़ों युवाओं की सबसे बड़ी चिंताओं में शामिल हैं। इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने तथा युवाओं के संघर्ष में सहभागी बनने के लिए राहुल गांधी का कोटा आगमन प्रस्तावित है ।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटें तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के संभावित कोटा दौरे को लेकर उत्साहित हैं राहुल गांधी का दौरा कोटा ही नहीं बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी सकारात्मक संदेश देगा और कांग्रेस संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगा।
गौतम ने कहा कि कोटा देशभर के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं की उम्मीदों का केंद्र है। ऐसे में राहुल गांधी का संभावित कोटा दौरा छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा आमजन के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा की धांधली, सीबीएसई द्वारा विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर विषयों पर राहुल गांधी लगातार युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष कर रहे हैं। उनके आगमन से न केवल युवाओं को नई आशा और विश्वास मिलेगा, बल्कि कांग्रेस संगठन को भी नई ऊर्जा और मजबूती प्राप्त होगी।
स्वागत में स्वाति अग्रवाल, शबनम अंसारी, आशा जैन, कमलेश कुमारी, दीपक गुर्जर मंत्री,अंकित पांचाल, दीपक योगी,चेतन नागर,रोहित प्रजापति सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए ।

















