Sunday, June 14, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

हुनर और जागरूकता का अनूठा संगम बना स्काउट गाइड का कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर

भारत सिंह चौहान

कोटा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का दौर भी प्रारंभ हो गया है। शनिवार को शिविर में मेहंदी एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। यह जानकारी स्थानीय संघ सचिव प्रकाश जायसवाल ने एक प्रेस बयान में दी।

जायसवाल ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक एवं कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में योगिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मनीषा यादव द्वितीय स्थान पर रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की कलात्मक अभिव्यक्ति, डिजाइन की सुंदरता एवं प्रस्तुति के आधार पर परिणाम घोषित किए।

 

इसी प्रकार आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में महक ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के बल पर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आयुषी कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों के उत्साह और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।

जायसवाल ने बताया कि इस अवसर पर शिविर सह-संचालक गिरिराज जोशी एवं सपना अग्रवाल ने प्रशिक्षणार्थियों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल श्रम बच्चों के अधिकारों का हनन है तथा इससे उनके शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा समाज में बाल श्रम उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न कौशल आधारित प्रशिक्षणों के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जायसवाल ने बताया कि महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोज़डी एवं अनंतपुरा एकैडमी अनंतपुरा में आयोजित शिविरों में भी आगामी दिनों में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles