Saturday, June 6, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर बारां में सजेगा साहित्य का महाकुंभ: विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का होगा आयोजन

जितेंद्र कुमार शर्मा

बारां /प्रातः स्मरणीय, वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती इस वर्ष पूरे भव्यता के साथ मनाई जाएगी। इस पावन अवसर पर दिनांक 17 जून बुधवार को एक विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश भर के ख्याति प्राप्त राष्ट्रीय विचारधारा के कवि अपनी ओजस्वी रचनाओं से महाराणा प्रताप को काव्यांजलि अर्पित करेंगे।

महाराणा प्रताप जयंती पर्व समारोह समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सत्संग भवन रोड स्थित कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यह कवि सम्मेलन ‘हिंदी साहित्य भारती’ एवं ‘होटल फेडरेशन, बारां’ और ‘इंटेक (INTACH) बारां’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप देने के लिए सुनील शर्मा को संयोजक और रूपल सेठी को सह-संयोजक का दायित्व सौंपा गया है।

साहित्यिक गरिमा को बनाए रखने हेतु हिंदी साहित्य भारती के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रख्यात राष्ट्रीय कवि जगदीश सोनी को कार्यक्रम का सूत्रधार नियुक्त किया गया है, जिन्हें देश के शीर्ष कवियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

अत्याधुनिक तकनीक से होगा प्रताप के जीवन का दर्शन

युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति से जोड़ने और महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम पूरी तरह से आधुनिक तकनीक से लैस होगा। नगर परिषद बारां के सहयोग से कवि सम्मेलन का स्थान नव निर्मित सिटी टाउन हॉल, मेडिकल कॉलेज के पास, मेलखेड़ी रोड, बारां निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में कवि सम्मेलन के प्रारंभ में बारां जिले के ऐतिहासिक पर्यटक स्थलों का वीडियो प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में

होटल फेडरेशन के सहयोग से महाराणा प्रताप के जीवन और ऐतिहासिक हल्दीघाटी युद्ध पर आधारित एक विशेष डिजिटल एनीमेशन शॉर्ट फिल्म दिखाई जाएगी।

बैठक के दौरान कार्यक्रम के भव्य प्रवेश पत्र का विधिवत लोकार्पण किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय कवि जगदीश सोनी, होटल फेडरेशन के हरि ओम अग्रवाल, जगदीश शर्मा, हितेश खंडेलवाल, रूपल सेठी, सुनील शर्मा, व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, द्वारका लाल प्रजापति, कांति प्रकाश नागर, पूरण मल नागर, डॉ. सुरेश मेघवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में होटल फेडरेशन के अध्यक्ष हरि ओम अग्रवाल ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बारां की समस्त जनता से इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर सफल बनाने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles