महावीर सेन जय स्थल बूंदी
बूंदी/राजस्थान में तिजारा विधायक महंत बालक नाथ द्वारा दिए गए एक बयान को लेकर नाई (सेन) समाज में गहरा रोष व्याप्त है। हाल ही में सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में प्रसारित एक वीडियो में विधायक द्वारा एक जेईएन को फटकार लगाते हुए “तू जेईएन है या नाई” जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया, जिसे समाज ने अपने सम्मान के खिलाफ बताया है।
समाज के प्रतिनिधियों ने इसे न केवल नाई समाज बल्कि समस्त श्रमिक एवं दस्तकार वर्ग का अपमान बताया है।
संयुक्त बयान में सदस्य ओबीसी एडवाइजरी काउंसिल एवं पूर्व राष्ट्रीय समन्वयक एआईसीसी ओबीसी विभाग राजेन्द्र सेन, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के पूर्व अध्यक्ष श्रवण तंवर, समाजसेवी हरिप्रसाद हर्षवाल तथा सैन समाज संरक्षक रूपनारायण लूणीवाल ने कहा कि इस प्रकार की भाषा एक जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती।
उन्होंने कहा कि नाई समाज संत शिरोमणि संत सेन जी महाराज की परंपरा से जुड़ा हुआ है और देश के सामाजिक व सांस्कृतिक जीवन में इसका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। साथ ही उन्होंने ऐतिहासिक व्यक्तित्व कर्पूरी ठाकुर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज सदैव ईमानदारी और सामाजिक न्याय के मूल्यों का प्रतीक रहा है।
समाज के नेताओं ने मांग की है कि विधायक महंत बालक नाथ शीघ्र ही सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही भारतीय जनता पार्टी से भी इस मामले में उचित कार्रवाई करने की अपील की गई है।
यदि इस प्रकरण में शीघ्र समाधान नहीं होता है, तो समाज ने प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी दी है।
साथ ही समाज के जागरूक लोगों से अपील की गई है कि 5 मई को प्रातः 11:00 बजे सभी जिला कलेक्टर, एसडीएम कार्यालयों एवं भाजपा जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपा जाए और इसकी प्रतिलिपि राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व को भी भेजी जाए।






