कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, कमला उद्यान कोटा में अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस बड़े ही सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी जी ने पधारे हुए सभी श्रमिक भाइयों को श्रमिक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उर्मिला दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक किसी भी देश की प्रगति की मजबूत नींव होते हैं। वे अपने कठिन परिश्रम, समर्पण और पसीने से देश के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। मजदूर वर्ग दिन-रात मेहनत कर राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देता है, इसलिए उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के दौरान सेवा केंद्र की दीदियों द्वारा उपस्थित सभी श्रमिक भाइयों का तिलक, पटका एवं बैच लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही, बीके उर्मिला दीदी ने सभी श्रमिक भाइयों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सभी श्रमिक भाइयों को नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा भी करवाई गई, जिससे स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के पश्चात सेवा केंद्र में स्थित आध्यात्मिक आर्ट गैलरी का भी सभी को दर्शन कराया गया, जिसे देखकर उपस्थित सभी श्रमिकों ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और इसकी सराहना की।
यह आयोजन श्रमिकों के प्रति सम्मान, जागरूकता और सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायक कार्यक्रम रहा।










