भारत सिंह चौहान
कोटा / कोटा की मिट्टी में पली-बढ़ी और वर्तमान में नैपरविल (अमेरिका) में अपना फिजिकल थेरेपी क्लिनिक संचालित कर रहीं डॉ. निकिता गोयल अग्रवाल ने कोटा के विद्यार्थियों और युवाओं के नाम एक प्रेरक संदेश साझा किया है। कोटा की शैक्षणिक उत्कृष्टता और वर्ष 2026 में शहर में दिख रहे सकारात्मक परिवर्तनों को रेखांकित करते हुए उन्होंने युवाओं का आह्वान किया है कि जीवन की यात्रा में हर व्यक्ति कुछ न कुछ कमियों के साथ आगे बढ़ता है। परंतु कमियाँ अंत नहीं, बल्कि स्वयं को निखारने का संकेत हैं। जब हम अपनी त्रुटियों को स्वीकार करते हैं और उन्हें सुधारने के लिए सजग रहते हैं, तो वे धीरे-धीरे हमारी सबसे बड़ी ताकत बन जाती हैं। और यदि इस यात्रा में निरंतर मेहनत का साथ दिया जाए, तो सफलता कोई दूर का सपना नहीं, बल्कि एक निश्चित परिणाम बन जाता है।
अक्सर लोग अपनी कमियों के लिए किस्मत या परिस्थितियों को दोष देते हैं। वहीं, कुछ लोग दूसरों द्वारा इंगित की गई कमियों को लेकर वैमनस्य पाल लेते हैं और अपनी ऊर्जा केवल नकारात्मक विचारों में व्यर्थ कर देते हैं। यह दृष्टिकोण न केवल अनुत्पादक है, बल्कि आत्मविकास की राह में सबसे बड़ी बाधा भी है।
कमियों पर काम करना आत्मसुधार की वह नींव है, जिस पर सफलता की इमारत खड़ी होती है। जो व्यक्ति अपनी कमज़ोरियों को छुपाता नहीं, बल्कि उनका सामना करता है, वही वास्तव में विकास के मार्ग पर अग्रसर होता है। स्वयं का ईमानदारी से विश्लेषण करना, आलोचना को रचनात्मकता से ग्रहण करना और हर गलती से सीखना—यही वह प्रक्रिया है जो इंसान को ब्लंट (जो तेज ना हो) से तेज़ और अपरिपक्व से परिपक्व बनाती है। नेल्सन मंडेला के शब्दों में, *“मैं कभी हारा नहीं। या तो मैं जीतता हूँ, या मैं सीखता हूँ। हर असफलता और कमी मुझे अगले कदम के लिए तैयार करती है।”* कमियाँ तभी भार बनती हैं जब हम उन्हें अनदेखा करते हैं; स्वीकार करके सुधारी जाएँ तो वे उन्नति की सीढ़ियाँ बन जाती हैं।
केवल कमियों को पहचान लेना पर्याप्त नहीं है; उन्हें दूर करने के लिए निरंतर परिश्रम अनिवार्य है। मेहनत वह अग्नि है जो कच्चे लोहे को इस्पात में बदल देती है। रास्ते में विफलताएँ आएँगी, थकान घेर लेगी, कभी-कभी लगेगा कि मंज़िल बहुत दूर है। परंतु जो व्यक्ति अपनी लगन को अटूट रखता है, वही समय के साथ अपनी चाहत के निकट पहुँचता है। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने कहा था, *“सपने वो नहीं जो हम नींद में देखते हैं, सपने वो हैं जो हमें सोने नहीं देते।”* मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। वह धीरे-धीरे, अनदेखे रूप में जमा होती है और एक दिन ऐसा आता है जब प्रयासों का भार सफलता के रूप में प्रकट होता है।
सफलता कभी भी अचानक या बिना कारण नहीं आती। वह उन लोगों के कदमों में झुकती है जो गिरकर उठना जानते हैं, रुककर फिर चलना जानते हैं, और अपनी कमियों को सुधारते हुए भी परिश्रम का दामन नहीं छोड़ते। प्रकृति का नियम सरल है—जो बोओगे, वही काटोगे। यदि बीज है ‘आत्मसुधार ‘ और सिंचाई है ‘ निरंतर परिश्रम ‘ तो फल ‘ सफलता ‘ ही होगा। शंकाओं को दरकिनार कर, धैर्य के साथ चलते रहना ही वह मंत्र है जो असंभव को संभव बना देता है।
अतः अपनी कमियों से भागो मत, उनका सामना करो। उन्हें अपनी हार का कारण नहीं, बल्कि विकास का अवसर बनाओ। और इस यात्रा में मेहनत को अपना निरंतर साथी बनाए रखो। याद रखो, सूरज उगने से पहले अंधेरा गहरा होता है, परंतु प्रकाश अवश्य आता है। जिसने अपनी कमियों पर काम किया और मेहनत को अपना धर्म बनाया, उसके लिए सफलता कोई वरदान नहीं, बल्कि एक स्वाभाविक परिणाम है।
स्वामी विवेकानंद की अमर वाणी को स्मरण करते हुए—
“उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।”
चलते रहो, संघर्ष करते रहो, स्वयं को तराशते रहो।
सफलता तुम्हारी प्रतीक्षा कर रही है।





