Sunday, July 26, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बारां की जिला उप वन संरक्षक से महत्वपूर्ण मुलाकात

बारां जिले में पर्यटन विकास को लेकर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा

– अखिल नामा

बारां/बारां जिले में पर्यटन को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बारां इकाई के पदाधिकारियों ने जिला उप वन संरक्षक अधिकारी बी. वी. माणिक राव से शिष्टाचार भेंट कर जिले के पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान बारां जिले के प्रमुख एवं संभावनाशील पर्यटन स्थलों— सोरसन अभ्यारण, शेरगढ़, रामगढ़ एवं शाहबाद—के समग्र विकास को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विशेष रूप से सोरसन अभ्यारण क्षेत्र में बाउंड्री वॉल निर्माण, जैव विविधता संरक्षण, विशेषकर प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों के संरक्षण, शाहबाद क्षेत्र में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा रामगढ़ एवं शेरगढ़ क्षेत्रों में पर्यटन सफारी प्रारंभ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिस पर सकारात्मक सहमति बनी।

जिला उप वन संरक्षक बी. वी. माणिक राव ने पर्यटन विकास से संबंधित प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए आगामी मई माह में सभी संबंधित विभागों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया, ताकि योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन बारां के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल ने सोरसन अभ्यारण में स्थित पर्यटन हट को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने उन तालाबों को विशेष संरक्षित क्षेत्र घोषित करने की आवश्यकता बताई, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में विदेशी प्रवासी पक्षी आते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पर्यटन हट का समुचित विकास किया जाए, तो वहां प्री-वेडिंग शूट, डेस्टिनेशन मैरिज, प्रकृति-आधारित कार्यक्रमों एवं पर्यावरण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है, जिससे न केवल पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

होटल फेडरेशन के सचिव जगदीश शर्मा ने जानकारी दी कि पर्यटन विकास को लेकर फेडरेशन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में हाल ही में फेडरेशन के पदाधिकारियों ने झालावाड़ में सहायक निदेशक, पर्यटन विभाग श्री सिराज कुरैशी से भी मुलाकात कर बारां जिले की पर्यटन संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की थी।

मुलाकात के दौरान होटल फेडरेशन बारां के कोषाध्यक्ष मुरारी राठौर एवं शिवम सिंघल भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी पर्यटन विकास से जुड़े अपने सुझाव साझा किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles