रामावतार राठौर
कोटा/मालाखेड़ा क्षेत्र के उभरते हुए अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट सुनील कुमार साहू को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए भव्य सम्मान से नवाजा गया। तिजारा के लोकप्रिय विधायक Mahant Balaknath द्वारा उन्हें निवास स्थान पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक ने सुनील को मेडल पहनाकर, फूलमाला और गुलदस्ता भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सुनील कुमार साहू ने हाल ही में इंटरनेशनल यूथ आइकॉन अवार्ड 2026 जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल हासिल कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया। पिछले तीन वर्षों में उन्होंने कुल 20 मेडल अपने नाम किए हैं, जिनमें 12 स्वर्ण पदक शामिल हैं।
कार्यक्रम में विधायक महंत बालकनाथ ने सुनील की मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सुनील भविष्य में और भी बड़े मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने सुनील कुमार साहू के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सुनील ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है और वे आगे भी देश के लिए पदक जीतने का प्रयास करते रहेंगे।





