-भारत सिंह चौहान
आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार 16 अप्रैल 2026 को कोटा विकास प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने ग्राम रामपुरिया में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। खसरा संख्या 425/338, रकबा 35.53 हेक्टेयर भूमि, जो नगर विकास न्यास/कोटा विकास प्राधिकरण की होकर पहले ही रीको को आवंटित की जा चुकी है, उस पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक रीको संजीव सक्सैना की मौजूदगी में भूमि के सीमांकन (निशानदेही) की गई। सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि मुक्त कराई गई इस भूमि की बाजार कीमत लगभग 31.09 करोड़ रुपये आंकी गई है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति प्राधिकरण की भूमि पर अवैध कब्जा किए हुए हैं, वे स्वयं कब्जा हटा लें, अन्यथा संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मौके पर तहसीलदार सुरेन्द्र शर्मा, भू-अभिलेख निरीक्षक मुरलीधर पारेता, हरीश कुमार गुप्ता, पटवारी रामनिवास मेघवाल सहित प्राधिकरण का पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।






