भारत सिंह चौहान
कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) के राजस्व सलाहकार परमानन्द गोयल द्वारा लिखित एवं संपादित महत्वपूर्ण पुस्तक “कोटा लैंड बैंक: विश्लेषण और अवसर” आज राजीव गांधी नगर ऑक्सीजोन विकास समिति के पदाधिकारियों को भेंट की गई। यह पुस्तक KDA द्वारा आवंटित भूखंडों, आवासों से संबंधित जानकारियों, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQ), संपत्ति क्रय-विक्रय के मनोविज्ञान और निवेश के लिए उपयुक्त योजनाओं के चयन पर आधारित है।
समिति के मीडिया प्रभारी अनुपम गुप्ता ने बताया कि पुस्तक भेंट कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष प्रतीक गोयल, महामंत्री हिम्मत सिंह ‘बालूपा’, सह-कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, संरक्षक मनोहरलाल गुप्ता एवं कार्यकारिणी सदस्य हेमराज नागर, आशीष चौधरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुस्तक की सीमित प्रतियों को देखते हुए, व्यापक जनहित में इसकी पीडीएफ (PDF) प्रति समिति के सदस्यों के साथ साझा की गई।
उल्लेखनीय है कि राजस्व सलाहकार परमानन्द गोयल की यह आठवीं प्रकाशित पुस्तक है, जो भूमि प्रबंधन एवं निवेश के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शिका के रूप में सराही जा रही है।
पुस्तक की प्रमुख विशेषताएं:
• व्यावहारिक सुझाव: भूमि संपदा के प्रभावी उपयोग, आवंटन एवं नीलामी से संबंधित जानकारी।
• सरल मार्गदर्शन: आमजन के लिए केस स्टडी, उदाहरण एवं FAQ के माध्यम से जटिल नियमों की सरल व्याख्या।
• त्रि-कोरिडोर मॉडल: हाड़ौती क्षेत्र के समग्र विकास हेतु एक अभिनव दृष्टिकोण का प्रस्तुतीकरण।
• गहन विश्लेषण: भूमि प्रबंधन और भविष्य के निवेश व्यवहार पर शोधपरक जानकारी।
यह पुस्तक नीति-निर्माताओं, शहरी योजनाकारों, विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ निवेशकों और आम नागरिकों के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी। विदित हो कि इससे पूर्व परमानन्द गोयल “संसद विजिट – यादें”, “कोटा टूरिज्म” और “हाड़ौती गौरव सम्मान 2026” जैसी सात सफल पुस्तकों का लेखन व संपादन कर चुके हैं।






