_भारत सिंह चौहान
कोटा। आयुक्त कोटा विकास प्राधिकरण श्री बचनेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए ग्राम धाकड़खेड़ी व कंवरपुरा में बड़ी कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की भूमि खसरा नंबर 340, 346, 365, 366, 369 तथा कंवरपुरा के खसरा नंबर 52, 53/296 पर करीब 3.84 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिक्रमियों द्वारा खेती, तारफेंसिंग और बाउंड्री बनाकर कब्जा कर लिया गया था।
कोटा विकास प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया और लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के बाद भूमि पर KDA का बोर्ड लगाकर संपत्ति को पुनः प्राधिकरण के अधीन सुरक्षित किया गया।
अधिकारियों ने अतिक्रमियों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने के लिए पाबंद किया।
इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार हिम्मत सिंह राव, भू-अभिलेख अधिकारी विवेक पाल सिंह, पटवारी रूचिता यादव सहित कोटा विकास प्राधिकरण का जाप्ता मौके पर मौजूद रहा।
KDA की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






