80 फीट रोड पर KDA की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण ध्वस्त
कोटा | 80 फीट रोड पर बिना अनुमति किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) ने गुरुवार को कार्रवाई की। आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक विंग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवाते हुए निर्माणाधीन हिस्से को ध्वस्त किया।
प्राधिकरण के सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि ग्राम कोटड़ी स्थित खसरा संख्या 376/285 एवं 379/285 की भूमि पर सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति एवं अनुमति के बिना निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य तत्काल बंद करवाया और निर्माणाधीन दीवारों तथा आरसीसी शटरिंग को ध्वस्त किया।
कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तरूणकांत सोमानी के नेतृत्व में तहसीलदार ललित किशोर नागर, पटवारी रोहिणी महावर, थानाधिकारी सत्यनारायण मीणा, हेड कॉन्स्टेबल राजेंद्र प्रसाद मीणा सहित KDA का जाप्ता मौजूद रहा।
KDA ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक निर्माण स्वीकृति एवं अनुमति जरूर प्राप्त करें। बिना स्वीकृति या अनुमति के किए जाने वाले अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






