बंदर ने हवा में उड़ाए हजारों रुपए, रेलवे स्टाफ और यात्रियों ने एक-एक नोट जुटाकर महिला को लौटाए
करौली/श्रीमहावीरजी। कोटा रेल मंडल के श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन पर बंदर के आतंक का हैरान करने वाला मामला सामने आया। मंगलवार को जनशताब्दी एक्सप्रेस से स्टेशन पहुंची महिला यात्री कैलाशी कोड़िया का करीब 40 हजार रुपए से भरा पर्स एक बंदर झपट्टा मारकर छीन ले गया।
पर्स लेकर बंदर फुटओवर ब्रिज पर जा बैठा और उसमें रखे रुपए निकालकर हवा में उड़ाने लगा। इस दौरान मौके पर मौजूद एक युवक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया।
महिला के शोर मचाने पर स्टेशन पर मौजूद रेलवे स्टाफ, आरपीएफ जवानों और यात्रियों ने बंदर द्वारा उड़ाए गए रुपयों को इकट्ठा करने के लिए मशक्कत शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद अलग-अलग जगहों पर गिरे नोटों को जुटाया गया और पूरी रकम महिला यात्री को वापस लौटा दी गई।
रकम वापस दिलाने में वरिष्ठ टेक्नीशियन पावर विवेक शर्मा, टेक्नीशियन टेलीकॉम प्रहलाद शर्मा, आरपीएफ कांस्टेबल अखिलेश कुमार, सफाईकर्मी मुकेश सहित अन्य रेलवे कर्मचारी और यात्रियों ने सहयोग किया।
पैसे वापस मिलने के बाद महिला यात्री ने रेलवे स्टाफ, आरपीएफ कर्मचारियों और यात्रियों का आभार जताया। घटना ने जहां स्टेशन पर बंदरों की मौजूदगी और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए, वहीं रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की तत्परता की भी सराहना हो रही है।





