कोटा। अंतर्राष्ट्रीय बाल पुस्तक दिवस के अवसर पर विनोबा भावे नगर स्थित संस्कार केंद्र में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुस्तकें, कॉपियां एवं ज्योमेट्री बॉक्स उपलब्ध कराए गए।
यह आयोजन देहदानी नेत्रदानी स्वर्गीय अमिता भार्गव स्मृति संस्थान, आनंद अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोटा जंक्शन, राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ, चाइल्ड लाइन एवं कौशिक गायत्री परिवार बोरखेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष अरुण भार्गव रहे, जबकि अध्यक्षता अखिल भारतीय कौशिक गायत्री परिवार बोरखेड़ा के प्रधान संचालक यज्ञ दत्त हाड़ा ने की। कार्यक्रम का संचालन केंद्र प्रभारी शानू ने किया।
इस अवसर पर अरुण भार्गव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे निरंतर अध्ययन करें और जीवन में आगे बढ़ते हुए एक अच्छे नागरिक बनें। उन्होंने बच्चों को भारतीय संस्कारों को अपनाने की भी प्रेरणा दी। वहीं यज्ञ दत्त हाड़ा ने बच्चों को प्रतिदिन गायत्री मंत्र का पाठ करने एवं माता-पिता का सम्मान करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने पर हिमांशु एवं कक्षा 5वीं में अच्छे अंक लाने पर प्रियंका को सम्मानित किया गया।
इस दौरान केंद्र की सहयोगी चंदा देवी, आशा सैनी सहित अभिभावकगण उपस्थित रहे। अंत में निर्देशक आकाश भार्गव ने सभी का आभार व्यक्त किया।






