Tuesday, June 2, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा में होली का जश्न मातम में बदला: करंट लगने से बीएसटीसी छात्र की मौत

कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में होली का उत्साह उस समय शोक में बदल गया, जब एक बीएसटीसी छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ होली खेलने शहर आया था और डांस कर रहे साथियों का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान पास में लगे ट्रांसफार्मर के खुले तार से उसका हाथ टच हो गया और उसे तेज करंट लग गया।

मृतक की पहचान धीरज मीणा (21) निवासी गोविंदपुर बावड़ी, जिला Bundi के रूप में हुई है। वह जयपुर में रहकर बीएसटीसी की पढ़ाई कर रहा था और दो-तीन दिन पहले ही होली की छुट्टियों में घर लौटा था।

परिजनों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 9 बजे धीरज अपने तीन-चार दोस्तों के साथ लैंडमार्क सिटी इलाके में होली खेलने गया था। यहां व्यास रेजिडेंसी और आरके रेजिडेंसी के पास छात्रों ने सड़क पर डीजे साउंड लगाया हुआ था और सभी नृत्य कर रहे थे। धीरज मोबाइल से वीडियो बना रहा था, तभी हॉस्टल के पास लगे ट्रांसफार्मर के केबल से उसका बायां हाथ छू गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा।

दोस्त उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

चाचा इंद्रराज मीणा का कहना है कि दो हॉस्टलों के बीच करीब चार फीट की ऊंचाई पर ट्रांसफार्मर खुला रखा हुआ है और उसके तार बाहर निकले हुए हैं। उन्होंने बिजली कंपनी  KEDL और हॉस्टल संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर को सुरक्षित ढंग से कवर किया गया होता तो यह हादसा टल सकता था। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में युवक मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा भी हो सकता था।

धीरज के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी मां दिव्यांग हैं और छोटा भाई भी अस्वस्थ बताया जा रहा है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कुन्हाड़ी थाना पुलिस के अनुसार, करंट लगने के कारणों की जांच के लिए KEDL और संबंधित अधिकारियों को बुलाया जाएगा। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सेफ्टी मानकों को लेकर नगर निगम, केडीए और बिजली कंपनी के अधिकारियों से भी चर्चा की जाएगी।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles