Thursday, October 15, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा के कुंजलिया गांव में पत्नी की हत्या के बाद बुजुर्ग ने रची झूठी कहानी, 73 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

कोटा में पत्नी की हत्या के बाद बुजुर्ग ने रची झूठी कहानी, 73 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

खुद को चोट पहुंचाकर अज्ञात हमलावरों पर लगाया आरोप, तकनीकी जांच और CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

कोटा। कोटा ग्रामीण जिले की अयाना थाना पुलिस ने कुंजलिया गांव में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति चुन्नीलाल (73) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को बचाने के लिए अज्ञात हमलावरों द्वारा मारपीट किए जाने की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर मामले का खुलासा किया।

पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर के अनुसार, घटना 28 जुलाई 2026 की रात की है। अयाना थाना क्षेत्र के कुंजलिया गांव में चुन्नीलाल और उसकी पत्नी कमलाबाई घर पर थे। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, घरेलू विवाद के चलते चुन्नीलाल ने अपनी पत्नी के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार कर उसकी हत्या कर दी।

खुद के सिर पर चोट मारकर बनाई झूठी कहानी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने अपने सिर पर भी हल्की चोटें मार लीं और खून पोंछकर साफ बांध लिया। सुबह दूधवाले के आने पर उसने दरवाजा खोला और अज्ञात लोगों द्वारा हमला करने की कहानी सुनाई। आरोपी ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर अयाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया।

जांच में सामने आए अहम तथ्य

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, जांच के दौरान तीन प्रमुख तथ्य सामने आए:

– दरवाजा अंदर से बंद था: घटनास्थल का मुख्य दरवाजा रात से सुबह तक अंदर से बंद था। सुबह दूधवाले की आवाज सुनकर चुन्नीलाल ने खुद दरवाजा खोला। मकान की छत, दीवारों और अन्य स्थानों पर किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने या जबरन प्रवेश के निशान नहीं मिले।

– रिश्तेदारों पर जताया झूठा संदेह: आरोपी ने पुलिस और मीडिया को गुमराह करने के लिए अपने जमाई बलराम तथा भतीजों सोनू और चेतन पर जमीन विवाद के चलते संदेह जताया। तकनीकी जांच और सीसीटीवी विश्लेषण में जमाई बलराम घटना की रात अपनी बहनोई की शोक सभा में गांव रावल जावला में मौजूद पाया गया। भतीजों की लोकेशन में भी कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।

– घरेलू विवाद बना हत्या की वजह: पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर मृतका और चुन्नीलाल के अलावा किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी नहीं थी। पड़ोसियों के बयानों से दोनों के बीच पूर्व में घरेलू विवाद और चुन्नीलाल के क्रोधी स्वभाव की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पत्नी के सोने का इंतजार किया और फिर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को बचाने के लिए अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी बनाई।

पुलिस टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और इटावा वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश सरगरा के सुपरविजन में अयाना थाना अधिकारी रघुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर हत्या के मामले का खुलासा कर 73 वर्षीय चुन्नीलाल पुत्र उंकारलाल, निवासी कुंजलिया, थाना अयाना, जिला कोटा को गिरफ्तार किया।

मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के तहत की जा रही है।

IMG-20261001-WA0050
previous arrow
next arrow

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles