Tuesday, April 21, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

लाड़पुरा को मिली ऐतिहासिक सौगात अस्पताल, सिंचाई, नहर जीर्णोद्धार, औद्योगिक पार्क सहित कई परियोजनाओं को मिली मंजूरी

कोटा/16वीं विधानसभा के पंचम सत्र के आय-व्ययक अनुमान वर्ष 2026-27 में लाड़पुरा विधानसभा क्षेत्र को महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिली है। विधायक कल्पना देवी के सतत प्रयासों एवं प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप क्षेत्र में स्वास्थ्य, सिंचाई एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।

बजट में स्वीकृति के तहत लाड़पुरा में स्वीकृत 300 बेड चिकित्सालय के क्रम में प्रथम चरण में 75 बेड का चिकित्सालय खोला जाएगा, जिसकी बेड क्षमता को आगामी चरणों में क्रमबद्ध रूप से बढ़ाया जाएगा। इस चिकित्सालय के प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

साथ ही, चम्बल दाईं मुख्य नहर से पानी लेकर अलनिया बांध के सिंचाई से वंचित 36 गांवों की लगभग 2हजार 716 हेक्टेयर भूमि को सिंचित करने हेतु दबावयुक्त सिंचाई प्रणाली विकसित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इसके अतिरिक्त, अलनिया बांध की बांयी मुख्य नहर मय सिस्टम के जीर्णोद्धार कार्य हेतु 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे सिंचाई तंत्र और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनेगा। किशनपुरा उपशाखा नहर के शहरी क्षेत्र में आरसीसी दीवार निर्माण तथा प्रणाली में शेष रही कच्ची नहरों की लाइनिंग के कार्य हेतु 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे जल संरक्षण एवं सिंचाई व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित होगी।

क्षेत्र के समग्र विकास को गति देते हुए नवीन औद्योगिक पार्क की स्थापना तथा कैथून खेडारामपुर (खेडारसूलपुर) चैराहे पर नवीन पुलिस चैकी की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

विधायक ने इन जनहितकारी कार्यों की स्वीकृति के लिए माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी एवं वित्त मंत्री सुश्री दिया कुमारी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से लाड़पुरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, कृषि, औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles