कोटा के स्वर्ण-रजत मार्केट में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। आज नेहा ज्वेलर्स पर दिनदहाड़े 8 ग्राम सोने के मंगलसूत्र की चोरी हो गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी दुकानदार के पास मौजूद है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
व्यापारी चंद्रशेखर सोनी ने बताया कि एक अपरिचित महिला ग्राहक बनकर दुकान पर आई थी। महिला अलग-अलग प्रकार के मंगलसूत्र दिखाने की मांग करती रही। इसी दौरान दुकान का मुनीम किसी काम से बाहर चला गया, जिससे दुकानदार अकेला रह गया। इसका फायदा उठाते हुए महिला को चार मंगलसूत्र दिखाए गए।
जब ग्राहक के जाने के बाद मंगलसूत्र वापस संभाले गए तो चार में से केवल तीन मंगलसूत्र ही मिले। एक मंगलसूत्र चोरी हो चुका था। दुकानदार ने बताया कि उस समय किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ, लेकिन बाद में गिनती करने पर चोरी का खुलासा हुआ।
घटना को लेकर व्यापारिक संगठनों में भारी रोष देखने को मिला।
होलसेल व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पंकज बागड़ी एवं पुरानी सब्जी मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष पवन दुआ ने बताया कि इससे पहले भी इसी तरह की कई वारदातें हो चुकी हैं। लगातार सक्रिय हो रहे चोरों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
वहीं स्वर्ण-रजत व्यापार समिति के अध्यक्ष कपिल सोनी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और दुकानदार से सीसीटीवी फुटेज लेकर पुलिस को उपलब्ध करवाई गई। समिति की ओर से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही सभी व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सजग और सतर्क रहें, अकेले में ज्यादा आभूषण न दिखाएं और संदिग्ध ग्राहकों पर विशेष नजर रखें।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने स्वर्ण-रजत बाजार में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब व्यापारियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करेगी।






