कोटा। नगर निगम कोटा दक्षिण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विज्ञान नगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित असली जायका मीट, मास, मछली के रेस्टोरेंट को सीज कर दिया। यह रेस्टोरेंट आवासीय भूमि पर बिना फायर एनओसी, बिना ट्रेड लाइसेंस और नगरीय कर जमा किए बिना संचालित किया जा रहा था। निगम द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद संचालक ने नियमों की अवहेलना की, जिसके चलते राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 एवं नगरीय क्षेत्र भू-उपयोग नियम 2010 के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान उपायुक्त भावना सिंह के नेतृत्व में मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास, स्वास्थ्य अधिकारी ऋचा गौतम, अतिक्रमण प्रभारी तोसिफ खान, राजस्व अधिकारी विजय अग्निहोत्री समेत निगम व पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सीज को तोड़ा गया तो रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।
मामला यह है
गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश जी की फोटो के साथ आपत्तिजनक फोटो लगाकर नॉनवेज रेस्टोरेंट के लिए ऑफर दिया जा रहा था, हिंदू संगठन ने इसको लेकर जमकर प्रदर्शन किया






