पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को सोमवार को हिसार कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने ज्योति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उसे हिसार की सेंट्रल जेल नंबर-2 में रखा जाएगा, जो कि महिलाओं के लिए है।उधर, ज्योति का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पाकिस्तान के बाजार में घूम रही है। उसके आसपास AK-47 गन लिए पाकिस्तानी गार्ड्स भी नजर आ रहे हैं। यह वीडियो स्कॉटिश यूट्यूबर कैलुम मिल ने बनाया है।
इस वीडियो में ज्योति, कैलुम से पूछती है कि क्या आप पहली बार पाकिस्तान आए हो? इस पर कैलुम कहते हैं कि मैं पांचवीं बार आया हूं। ज्योति पूछती हैं कि पाकिस्तान आपको कैसा लगा? इस पर कैलुम पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाते हैं।
इसके बाद ज्योति पूछती है आप कभी इंडिया आए हो? मैं इंडिया से हूं। उसका सवाल सुनकर कैलुम हां कहते हैं। फिर कैलुम ज्योति से पूछते हैं कि आपको पाकिस्तान कैसा लगा? इस पर ज्योति कहती हैं- बहुत पसंद आया।
इकोनॉमिक सेल ने भी पूछताछ की इससे पहले, हिसार पुलिस की इकोनॉमिक सेल ने ज्योति से 2 दिन पूछताछ की। हालांकि, पुलिस के हाथ ज्यादा कुछ नहीं लगा। पेशी ड से पहले ज्योति के पिता हरीश मल्होत्रा ने कहा कि पुलिस घर आई थी। हरीश मल्होत्रा ने दावा किया कि अधिकारियों ने उनसे कहा कि वह ज्योति की पेशी के दौरान कोर्ट में न आएं। उन्होंने बेटी से मिलने की इच्छा जताई, मगर पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मिलवाने से मना कर दिया।






