19 मार्च। राष्ट्रीय राजमार्ग 52
रामगंजबालाजी बाईपास पर संचालित
होटल वेलकम पर आज प्रशासन का पीला पंजा चला। जिसमें अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान तहसीलदार, सदर थानाधिकारी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता व नगर परिषद कर्मचारी मौजूद रहे।
होटल वेलकम के मालिक ने राजमार्ग की सीमा पर 3×30 का अतिक्रमण कर रखा था। वहीं यह होटल अनैतिक कारगुजारियों के लिए बदनाम था। यहां पिछले
दिनो कोटा के एक युवक की हत्या भी इसी होटल के कर्मचारियों ने की थी। तहसीलदार अर्जुनलाल मीना ने बताया कि आज राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा में आ रहे अतिक्रमण को तोड़ा गया है। जल्द ही सरकारी नाले पर पक्के निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। इसके आदेश उन्होंने पूर्व में जारी कर दिये है। होटल मालिक के नहीं मिलने पर आदेश की प्रति दो गवाह की मौजूदगी में होटल के बाहर चस्पा कर दी है। नाले पर बनी होटल का अवैध अतिक्रमण तोड़ने की मांग का ज्ञापन यहां के ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को दिया था। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एसई गोविंद सिंह ने बताया कि आज प्रशासनिक व पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में हाईवे पर होटल मालिक द्वारा किया गया अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया है। साथ ही होटल के बाहर लगा हुआ जनरेटर भी जब्त किया गया है। वहीं अन्य सामान नगर परिषद ने जब्त किये। उन्होंने बताया कि इसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा पर अन्य होटल संचालको द्वारा किये गये अतिक्रमणों को लेकर भी होटल संचालको को नोटिस थमाये गये है। जिसमें सात दिवस में अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाये गये तो प्रशासन से मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी। आज कार्यवाही के दौरान तहसीलदार अर्जुनलाल मीना, पुलिस उपाधीक्षक अरूण मिश्रा, सदर थानाधिकारी रमेशचंद आर्य, एनएचएआई के अधिकारी, रामगंजबालाजी सरपंच रामलाल सैनी, भाजपा नेता रामराज बलाई, नगर परिषद के अतिक्रमण दस्ता प्रभारी राजकुमार सांगेला सहित पुलिस व आरएसी के जवान व मौजूद रहे।
दैनिक अंगद समाचार बूंदी
होटल वेलकम पर प्रशासन का पीला पंजा चला, जिसमें अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया





