के डी अब्बासी
कोटा, मार्च।
कोटा प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे कामयाब कोटा व राज्य में चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार होली स्पेशल अभियान के अंतर्गत प्रमुख शासन सचिव मेडिकल एंड हेल्थ श्रीमती गायत्री राठौर , श्री मान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण एच गुइटे के मार्गदर्शन व जिला कलेक्टर महोदय डॉ रविन्द्र गोस्वामी कोटा के निर्देशन में एवं अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरेंद्र नागर के नेतृतव में होली के त्यौहार के पश्चात भी शादियो के सीजन को देखते हुए लगातार निरिक्षण व नमूनीकरण की कार्यवाही जारी है
लगातार उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को अदालत चौराहे पर स्थित श्री अन्न भोजनालय पर छापा मारा। टीम ने भोजनालय में चल रही कड़ी जांच के दौरान काले तेल में तले जा रहे आलू बड़ों की जांच की। इसके अलावा, लड्डू बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे घी सहित कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए।साथ ही रेस्टोरेंट संचालक को एक ही को बार बार गर्म कर काम में नहीं लेने हेतु पाबंद किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ता की शिकायत पर खाद्य सामग्री की जांच की। जांच के दौरान तैयार रागी के लड्डू, आलूबड़ा, मूल पैक में रागी का आटा और तैयार चाय के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना और चंद्रवीर सिंह जादौन ने नमूने एकत्रित किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण सक्सेना ने बताया कि सभी चारों नमूने जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई श्री अन्न भोजनालय के खिलाफ कई उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद की गई, जिसमें भोजनालय द्वारा घटिया गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप था।





