जयपुर / राजस्थान में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने पर रोक लग सकती है। डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने इस संबंध में शुक्रवार को एसीएस (परिवहन) श्रेया गुहा को पत्र लिखा है। डिप्टी सीएम बैरवा ने निर्देश दिए हैं कि जिन वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। उनकी नंबर प्लेट 5 दिन में लगाए। फिर इसे बंद कर दें। साथ ही जिन लोगों का नंबर प्लेट का पेमेंट हो गया है, लेकिन स्लॉट नहीं मिला है। उनका पेमेंट वापस कर दिया जाए।
इस आदेश के बाद कंपनियों और डीलर्स को 50 करोड़ रुपए वाहन मालिकों को वापस करने होंगे।
मंत्री ने विभाग को लिखे पत्र में कहा है कि परिवहन विभाग सियाम पोर्टल पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर रहा है। वाहन कंपनियां इस पोर्टल से मिली एप्लिकेशन के जरिए नंबर प्लेट लगाती है। मंत्री ने कहा है कि इस प्रक्रिया के तहत वाहन मालिकों को महीनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। साथ ही ज्यादा राशि वसूली जा रही है। इससे आमजन को परेशानी हो रही है। मंत्री ने विभाग स्तर पर अपनी अलग प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग खुद का नया पोर्टल डेवलप करेगा। पोर्टल कब तक डेवलप होगा। यह अभी अधिकारियों को भी पता नहीं है।






