केडीए आयुक्त ने शहर के प्रमुख विकास कार्यों का किया निरीक्षण,कार्यों को समयबद्ध पूरा करने, गुणवत्ता पर निगरानी और भूमि अवाप्ति प्रक्रिया में तेज़ी के निर्देश
कोटा, 24 नवम्बर कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को शहर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और उनकी प्रगति, गुणवत्ता व समय-सीमा की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने विकास पथ, संविधान पार्क एवं वैदिक पार्क के निर्माण कार्य देखे। डकनिया रोड (पूर्व एवं पश्चिम), डीसीएम रोड, थेगड़ा रोड तथा कोटड़ी लिंक रोड पर चल रहे कार्यों का भी जायज़ा लिया। मेडिकल कॉलेज और जे.के. लोन अस्पताल में मरीज़ों के परिजनों के लिए बन रहे रामाश्रय भवनों की प्रगति भी देखी। साथ ही जे.के. पवेलियन में प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रत्येक स्थल पर संबंधित अभियंताओं एवं संवेदकों से विस्तृत ड्रॉइंग व डिज़ाइन के आधार पर कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। जो कार्य निर्धारित समय-सीमा से पीछे चल रहे हैं, उनकी गति बढ़ाकर उन्हें समय पर पूरा करवाने के निर्देश संबंधित अभियंताओं को दिए गए। आयुक्त महोदय ने कहा कि ये सभी कार्य आमजन की सुविधा से जुड़े हैं, अतः इनमें किसी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें कोई समझौता नहीं होना चाहिए। इसके लिए नियमित अंतराल पर क्वालिटी सैंपलिंग करवाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर भूमि अवाप्ति अथवा अन्य कारणों से कार्य प्रारंभ होने में विलंब हो रहा है, वहाँ अवाप्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करवाकर कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निदेशक (अभियांत्रिकी) रविन्द्र प्रकाश माथुर, संबंधित ज़ोन के अधिशासी अभियंता एवं संवेदक उपस्थित रहे।





