बूंदी। जिले के सदर थाना क्षेत्र में छतरपुरा बाईपास पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में गंभीर घायल हुए ओमप्रकाश माली ने कोटा के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सदर थाने के एएसआई हरिशंकर शर्मा ने बताया कि गुरुवार दोपहर ओमप्रकाश अपने दामाद सोनू के साथ पैदल बूंदी की ओर जा रहे थे। छतरपुरा रोड पर दोनों खड़े हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने ओमप्रकाश को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए बूंदी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए कोटा रेफर कर दिया। कोटा के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।






