केडीए आयुक्त ने 181 सम्पर्क केन्द्र पहुँचकर सुनीं परिवादियों की समस्याएँ
मौके पर ही अधिकारियों को दिए निर्देश, तीन दिन में माँगी कार्यवाही रिपोर्ट
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा/ कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने गुरुवार, 12 नवम्बर को राजस्थान सम्पर्क केन्द्र (181 हेल्पलाइन) पहुँचकर प्राधिकरण से संबंधित जन-शिकायतों की समीक्षा की तथा परिवादियों से दूरभाष पर सीधे बात कर उनकी समस्याएँ सुनीं।
नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के निर्देशानुसार सम्पर्क पोर्टल पर नागरिक संतुष्टि बढ़ाने एवं असंतुष्ट श्रेणी की शिकायतों के प्रभावी निस्तारण हेतु किए गए इस दौरे में आयुक्त महोदय ने 30 दिवस से अधिक समय से लंबित तथा असंतुष्ट श्रेणी की शिकायतों सहित कुल 14 परिवादियों से वार्ता की। इनमें सड़क निर्माण एवं मरम्मत, अतिक्रमण, भूखंड की राशि रिफंड, लीज डीड एवं कब्जा पत्र, पार्कों के रख-रखाव तथा खाली भूखंडों पर कचरे से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।
आयुक्त ने परिवादियों से शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को सम्पर्क केन्द्र से ही दूरभाष पर निर्देश दिए।
आयुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिक टिप्पणी के आधार पर न किया जाए, बल्कि मौका निरीक्षण कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण में की गई कार्यवाही का विवरण, दिनांक एवं मौका रिपोर्ट अंकित की जाए तथा जिन कार्यों में अधिक समय लगना है, उनमें परिवादी को संभावित समय-सीमा से अवगत कराया जाए।
आयुक्त के निर्देश पर प्राधिकरण सचिव द्वारा संबंधित सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों से तीन दिवस में प्रत्येक शिकायत पर की गई एवं की जाने वाली कार्यवाही का बिन्दुवार प्रतिवेदन माँगा गया है, जिसके आधार पर समेकित कार्यवाही रिपोर्ट आयुक्त महोदय के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों का उत्तरदायित्व भी निर्धारित किया जाएगा।






