13 दिन लगातार ड्यूटी करवाने और नौकरी खराब करने की धमकी देने का आरोप, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
कोटा के जेके लोन अस्पताल में कार्यरत ECG टेक्नीशियन सतीश कुमार चांदसी की आत्महत्या का मामला सामने आया है। उन्होंने घर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें मृतक ने कथित तौर पर लगातार 13 दिनों तक ड्यूटी करवाने और विरोध करने पर नौकरी खराब करने की धमकी दिए जाने का उल्लेख किया है। सुसाइड नोट में नर्सिंग अधीक्षक मोहनलाल बैरवा और नवीन शर्मा पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
लगातार नाइट ड्यूटी से परेशान होने का आरोप
मृतक के साले सूरज के अनुसार, सतीश लगातार दिन-रात ड्यूटी करने से परेशान थे। उनके साथ काम करने वाले कुछ कर्मचारियों के अवकाश पर होने के कारण उन्हें लगातार नाइट ड्यूटी करनी पड़ रही थी। उन्होंने अधिकारियों से किसी अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाने का आग्रह भी किया था, लेकिन परिजनों का आरोप है कि उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। शिकायत करने पर उन्हें नौकरी छोड़ने की बात कहकर धमकाया गया।
अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने किया विरोध
चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव लेकर जेके लोन अस्पताल पहुंचे और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से समझाइश की।
बताया जा रहा है कि घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। फिलहाल मामले में सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल जरूरी है।






