भाई दूज एवं राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर होगा विशाल ब्रह्मा भोजन, मीडिया कर्मियों और प्रतिभाओं का होगा सम्मान 15 नवंबर को
कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, शक्ति सरोवर कुन्हाड़ी में भाई दूज एवं राष्ट्रीय प्रेस दिवस के पावन अवसर पर 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से विशाल ब्रह्मा भोजन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मीडिया कर्मियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं के सम्मान में विशेष समारोह भी आयोजित होगा।
कोटा संभाग प्रभारी एवं सेवा केंद्र संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने जानकारी देते हुए बताया कि भाई दूज का पर्व भाई-बहन के स्नेह, आत्मीयता एवं पवित्र रिश्तों का प्रतीक है। वहीं राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर समाज को जागरूक करने और सकारात्मक दिशा प्रदान करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मीडिया कर्मी भाई-बहनों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा एवं विशिष्ट योगदान से समाज का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही सभी अतिथियों एवं उपस्थित भाई-बहनों के लिए विशाल ब्रह्मा भोजन की व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा महापौर अनुसुइया गोस्वामी, कोटा भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन तथा कोटा विकास प्राधिकरण के वित्तीय सलाहकार एवं लेखक परमानंद गोयल व ‘बिगुल जैन’ शिरकत करेंगे।
ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने सभी मीडिया कर्मियों, समाजसेवियों, प्रतिभाशाली व्यक्तियों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आध्यात्मिक स्नेह, सम्मान एवं ब्रह्मा भोजन का लाभ लेने की अपील की है।
कार्यक्रम का उद्देश्य आध्यात्मिक मूल्यों के साथ मीडिया जगत एवं समाज की प्रतिभाओं का सम्मान कर सकारात्मक और श्रेष्ठ समाज के निर्माण का संदेश देना है।






