कोटा में अस्पताल के रिसेप्शन पर जीजा की चाकू मारकर हत्या, साला हिरासत में; सर्राफा बाजार में फैली सनसनी
कोटा। शहर के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अस्पताल में भर्ती अपनी सास से मिलने पहुंचे सर्राफा कारोबारी मौलिक जैन की उनके ही साले कपिल जैन ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे दादाबाड़ी स्थित ट्रस्ट अस्पताल के रिसेप्शन के पास हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अस्पताल के रिसेप्शन के नजदीक जीजा और साले के बीच किसी बात को लेकर बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और कपिल जैन ने मौलिक जैन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मौलिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों के पास घायल को ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
दादाबाड़ी थानाधिकारी बलदेव राम के अनुसार, मृतक मौलिक जैन तलवंडी क्षेत्र में रहते थे और सर्राफा व्यवसाय से जुड़े हुए थे। उनका ससुराल दादाबाड़ी क्षेत्र में गुरुद्वारे के पीछे स्थित है। उनकी सास की तबीयत खराब होने के चलते वे गुरुवार सुबह अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान यह घटना हो गई।
पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक राकेश शर्मा ने बताया कि घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कपिल जैन को हिरासत में ले लिया। मृतक के शव को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी दोनों सर्राफा बाजार में कारोबार करते हैं। दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात के बाद सर्राफा बाजार सहित शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





