मौलाना आजाद की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता में उनके योगदान को किया याद
कोटा। भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात शिक्षाविद्, विचारक एवं देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर आज 11 नवंबर को एक निजी शिक्षण संस्थान में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का संचालन शाहरुख खान शायर ने किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता सिराज अहमद अंसारी, एएमपी क्लस्टर हेड , कोटा ने मौलाना आजाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। उन्होंने अपनी लेखनी, विचारों और नेतृत्व के माध्यम से देश में राष्ट्रीय चेतना, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत किया।
वक्ता नूर अहमद पठान ने कहा कि मौलाना आजाद का मानना था कि किसी भी देश की तरक्की का आधार उसकी शिक्षा व्यवस्था होती है। शिक्षा के बिना समाज और राष्ट्र का समुचित विकास संभव नहीं है। देश के प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने शिक्षा के विस्तार, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और शैक्षणिक संस्थानों के विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए।
वक्ता जाहिद निजामी मस्तान ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मौलाना आजाद ने हमेशा समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा पहुंचाने पर जोर दिया। वे शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का आधार मानते थे।
वक्ताओं ने मौलाना आजाद के राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव और हिंदू-मुस्लिम एकता से जुड़े विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता और आपसी भाईचारा ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। मौलाना आजाद का जीवन हमें एकता, शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मौलाना आजाद के आदर्शों को अपनाने, शिक्षा के प्रचार-प्रसार में सहयोग करने तथा समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के बच्चों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. रियाज खान, जावेद खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






