पाड़े के चमड़े की गंध पाकर दौड़े पशु, ताकत और फुर्ती का दिखा रोमांचक नजारा; बुजुर्गों ने गोठ गाकर जीवंत की ग्रामीण संस्कृति
कोटा। दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा यानी पड़वा के अवसर पर कोटा में पशुपालकों ने अपनी बरसों पुरानी परंपरा को जीवंत रखते हुए अनोखे ‘खेकरा’ (खेखरा) खेल का आयोजन किया। धर्मपुरा इलाके में सोमवार को हुए इस पारंपरिक आयोजन में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं के साथ भाग लिया। खेल के दौरान पशुओं की ताकत, फुर्ती और तंदुरुस्ती का रोमांचक नजारा देखने को मिला। इस अनूठी ग्रामीण परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। वहीं गांव के बुजुर्गों ने पारंपरिक गोठ गाकर आयोजन में लोक संस्कृति के रंग भी बिखेरे।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रवि गुर्जर पोसवाल ने बताया कि खेकरा खेल के लिए लंबे बाड़े या खुले मैदान में पशुओं को एकत्र किया जाता है। इसके बाद लकड़ी पर मृत बछड़े (पाड़े) का चमड़ा बांधा जाता है। युवा पशुपालक इस लकड़ी को लेकर मैदान में खड़े होते हैं। चमड़े की गंध पाकर पशु उसकी ओर तेजी से दौड़ते हैं और उसे अपने कब्जे में लेने या छुड़ाने का प्रयास करते हैं। इस दौरान पशुओं की तेज दौड़, फुर्ती और ताकत देखने लायक होती है। पशुपालक भी अपने पशुओं को संभालने और नियंत्रित करने के लिए उनके पीछे दौड़ते हैं। कई बार इस दौरान पशुपालक चोटिल भी हो जाते हैं, लेकिन परंपरा के प्रति युवाओं का उत्साह कम नहीं होता।
गुर्जर समाज की ग्रामीण संस्कृति से जुड़ी है परंपरा
85 वर्षीय बुजुर्ग दादा उदयराम पोसवाल ने बताया कि गुर्जर समाज में भैंसों के साथ खेकरा खेलने की परंपरा राजस्थान की ग्रामीण पशुपालक संस्कृति से जुड़ी अनूठी और प्राचीन परंपरा है। इसका विशेष प्रचलन कोटा, बूंदी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिलता है। इसमें गांव के लोग अपनी गायों और भैंसों को उनके बछड़ों सहित एक स्थान पर एकत्रित करते हैं और पारंपरिक तरीके से खेकरा खेलते हैं।
उन्होंने बताया कि इस परंपरा के माध्यम से पशुओं के व्यवहार, उनके साहस और अपने बछड़ों की रक्षा करने की क्षमता को परखा जाता रहा है। पुराने समय में गाय और भैंस परिवार की आर्थिक संपत्ति मानी जाती थीं। दूध, दही, घी और कृषि कार्यों में पशुधन की महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। पशुओं को जंगलों और खुले मैदानों में चराने ले जाया जाता था, जहां उनकी और उनके बछड़ों की सुरक्षा बेहद जरूरी होती थी।
इसी ग्रामीण जीवनशैली, पशुधन के महत्व और पशुओं की सुरक्षा से जुड़ी मान्यताओं के चलते खेकरा जैसी परंपराओं का विकास हुआ। आज भी गोवर्धन पूजा के अवसर पर इस खेल का आयोजन कर पशुपालक अपनी सांस्कृतिक विरासत, पशुओं के प्रति लगाव और पारंपरिक जीवनशैली को अगली पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं।





