दीपावली की रात कोटा-बूंदी में आग का तांडव, 25 से ज्यादा जगहों पर लगी आग; दमकलें दौड़ती रहीं
कोटा। दीपावली की रात आतिशबाजी के बीच कोटा-बूंदी क्षेत्र में आग लगने की 25 से ज्यादा घटनाएं सामने आईं। अलग-अलग स्थानों पर छप्परों, कचरे के ढेर, झाड़ियों, मकान, वाहनों और पराली में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां लगातार घटनास्थलों पर पहुंचती रहीं और आग बुझाने में जुटी रहीं।
कोटा के आवली क्षेत्र में छानों में आग लग गई। वहीं शिवपुरा, जगपुरा और तलवंडी में कचरे के ढेर एवं झाड़ियों में आग भड़क उठी। महावीर नगर थाने में खड़ी मोटरसाइकिलों में भी आग लगने की घटना सामने आई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
इसके अलावा सेवन वंडर्स के पास एक मकान, महावीर नगर थर्ड क्षेत्र, ट्रांसफार्मर और पराली से भरी ट्रॉली में भी आग लगने की सूचना मिली। उधर बूंदी में कई झोपड़ियों में आग लगने की घटनाएं हुईं। वहीं कैथून के मंडानिया गांव में भी आग लगने की सूचना पर दमकलें मौके के लिए रवाना हुईं।
दीपावली की रात एक के बाद एक आग की सूचनाओं से दमकल विभाग लगातार अलर्ट रहा। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। ज्यादातर स्थानों पर दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।







