कोटा। दीपावली पर शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद किफायती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने विशेष बिक्री काउंटर लगाए हैं। यहां मिठाइयों, नमकीन, ड्राईफ्रूट्स और ग्रीन पटाखों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है। भंडार की ओर से लोकप्रिय शिवाकाशी मुर्गाछाप ब्रांड के पटाखों पर एमआरपी से 60 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। वहीं काजू कतली 900 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है।
भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि आमजन को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि लोगों को त्योहार की खरीदारी में राहत मिल सके।
भंडार के तीन सुपरमार्केट महावीर नगर तृतीय, स्टेशन क्षेत्र और सब्जीमंडी में दीपावली की सामग्री उपलब्ध है। इसके अलावा घोड़ेवाले चौराहे पर नागरिक सहकारी बैंक के समीप, प्रधान कार्यालय कैनाल रोड, तलवंडी में दाऊदयाल जोशी आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास, कॉमर्स कॉलेज रोड, वी-मार्ट के पास रजत सिटी और महाराणा प्रताप सर्किल कुन्हाड़ी में विशेष काउंटर लगाए गए हैं।
इन केंद्रों पर बीकाजी, बिकानो और हल्दीराम जैसे ब्रांड के भुजिया, चिवड़ा, सेव, गाठिया, पपड़ी, मिठाइयां और अन्य खाद्य उत्पाद उपलब्ध हैं। इसके साथ ही ग्रीन आतिशबाजी, फुलझड़ियां, फैंसी पटाखे और अन्य लोकप्रिय उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे गए हैं।
राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि सहकारिता का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध कराना है। त्योहार की खुशियों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, इसी सोच के साथ इस वर्ष उत्पादों की विविधता बढ़ाई गई है और रियायती दरों पर बिक्री की व्यवस्था की गई है।
भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में एक करोड़ रुपये के पटाखे, 10 लाख रुपये की मिठाइयां तथा करीब 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के सिक्कों की बिक्री हुई थी। इस वर्ष दीपोत्सव पर पटाखों की बिक्री का लक्ष्य 1.25 करोड़ रुपये तथा मिठाई, नमकीन और ड्राईफ्रूट्स की बिक्री का लक्ष्य 30 लाख रुपये रखा गया है।
अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, कोटा एवं भंडार की महाप्रबंधक बीना बैरवा ने कहा कि संस्था उपभोक्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर भंडार उपाध्यक्ष नरेंद्र कृष्ण बिरला, संचालक अशोक कुमार मीणा, महीप सिंह सोलंकी, इन्द्रमल जैन, धीरेन्द्र पाल सिंह, पारस खींची, उषा न्याती, खुशबू बिरला, विष्णु कंवर, दिशा गुप्ता, सहकारी विभाग के उप रजिस्ट्रार राजेश मीणा तथा कोटा जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के एमडी राय सिंह मोजावत सहित अन्य उपस्थित रहे।






