राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे कोटा के गर्वित सुमन
35 किलोग्राम भार वर्ग में हुआ चयन, मंगलेश्वर महादेव व्यायामशाला के शिष्य गर्वित सुमन राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे दमखम
प्रेस रिपोर्टर रामावतार राठौर ✍️
कोटा। कोटा के मंगलेश्वर महादेव व्यायामशाला के होनहार जूडो खिलाड़ी गर्वित सुमन का चयन राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में आयोजित नेशनल जूडो चयन ट्रायल में गर्वित ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में चयन हासिल कर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त किया है।
कोटा जिला जूडो संघ के अध्यक्ष युवराज सुवालका और सचिव भानु प्रताप सुमन ने बताया कि गर्वित सुमन 23 से 28 अक्टूबर 2026 तक प्रयागराज स्टेडियम, दिल्ली में आयोजित होने वाली अंडर-14 स्कूली राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में वे राजस्थान की ओर से अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
गर्वित के चयन से उनके प्रशिक्षकों, व्यायामशाला के सदस्यों और जूडो खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। गर्वित बचपन से ही महत्वाकांक्षी, दृढ़ निश्चयी और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचाया है।
गर्वित सुमन की इस उपलब्धि पर जिला जूडो संघ के मुख्य संरक्षक इंद्र कुमार दत्ता, भाटिया कंपनी के निदेशक प्रेम जे. भाटिया, संघ अध्यक्ष युवराज सुवालका, पहलवान नाथूलाल सुमन और पार्षद प्रतिभा सुमन ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जूडो टीम के अन्य सदस्यों ने भी गर्वित की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।







