बिना चूल्हा जलाए तैयार किए एक से बढ़कर एक स्वादिष्ट व्यंजन
प्रतियोगिता में खुशबू जैन ने प्रथम, सविता गौतम ने द्वितीय और संतोष सुमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया
कोटा, 22 अक्टूबर।133वें राष्ट्रीय मेला दशहरा–2026 के आयोजनों की कड़ी में गुरुवार को नगर निगम भवन परिसर में ‘व्यंजन प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर भर से आए विविध प्रतिभागियों ने अपनी पाक कला का हुनर दिखाया। जिससे पूरा निगम भवन स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू से सराबोर हो उठा।
प्रतियोगिता का आयोजन उपायुक्त एवं प्रतियोगिता प्रभारी भावना सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। आयोजकों ने सुरक्षा और नवाचार को प्राथमिकता देते हुए प्रतियोगिता स्थल पर चूल्हा, गैस अथवा इंडक्शन जलाकर खाना पकाने की सख्त मनाही रखी थी। प्रतिभागियों को केवल 30 मिनट की निर्धारित समय-सीमा के भीतर बिना आग का उपयोग किए अपनी रचनात्मकता के बल पर एक-एक उत्कृष्ट डिश तैयार करनी थी।
प्रतियोगिता में कुल 23 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। किसी प्रतिभागी ने मीठे व्यंजन तैयार किए, तो किसी ने नमकीन और चटपटे स्वाद से उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतिभागियों ने मुख्य रूप से लड्डू, नाचोज चाट, ब्रेड स्लाइड पूरी, पकौड़ी चाट, दीया-बाती मिठाई, ब्रेड भल्ले, बिस्किट बास्केट चाट, बीटरूट बॉल, बंगाली भोज कुकीज, मूंगदाल पकौड़े, कोकोनट रोल, आंगन मटका पॉट, दही बड़े, पिस्कान केक, मल्टीग्रेन आटा कटोरी चाट और विभिन्न प्रकार के फलों के आकर्षक व्यंजन तैयार किए।
पूर्व पार्षद प्रतिभा गौतम तथा आरती शाक्यवाल ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाते हुए व्यंजनों के स्वाद, प्रस्तुतिकरण और नवाचार के आधार पर विजेताओं का चयन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रथम स्थान खुशबू जैन, द्वितीय स्थान सविता गौतम तथा तृतीय स्थान संतोष सुमन ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर उप महापौर विवेक राजवंशी, पार्षद कैलाश गौतम, प्रमिला वर्मा, सीमा चौधरी, सुनीता नायक और पारस कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा निगम अधिकारी उत्कर्ष यादव, निर्मला, आरती परिहार, एक्सईएन सपना, डीएलआर, ऋचा गौतम, रूपम, पूजा, अंतिमा, प्रतीक्षा एवं मीना सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने सभी व्यंजनों का स्वाद चखा और प्रतिभागियों के प्रयास की सराहना की।








