Wednesday, October 14, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा की बेटी नंदीका सिंह ने दिल्ली में जीता गोल्ड मेडल, ट्रैप शूटिंग में रचा इतिहास

बरेटा शॉटगन गोल्ड कप में शानदार प्रदर्शन, देश के लिए ओलंपिक गोल्ड जीतना है अगला लक्ष्य

कोटा, 14 अक्टूबर। कोटा की प्रतिभावान ट्रैप शूटर नंदीका सिंह ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित बरेटा शॉटगन गोल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतकर कोटा सहित राजस्थान का नाम रोशन किया है। डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 8 से 13 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नंदीका ने सीनियर वुमेन ट्रैप शूटिंग कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

विश्वविख्यात कंपनी बरेटा की 500वीं वर्षगांठ के अवसर पर नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के 300 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शॉटगन निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले में नंदीका ने अनुभवी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

तीसरे वर्ष में ही राष्ट्रीय स्तर पर चमकीं

नंदीका के पिता एवं कोच अशोक पाल सिंह ने बताया कि नंदीका ने इसी वर्ष ट्रैप शूटिंग में स्टेट चैंपियन का खिताब जीतने के साथ ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। शॉटगन शूटिंग में यह उनका मात्र तीसरा वर्ष है। इससे पहले वह पिस्टल शूटिंग में भी कई पदक जीत चुकी हैं।

नंदीका अब तक राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 20 से अधिक पदक जीत चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।

ओलंपिक में गोल्ड जीतने का सपना

अशोक पाल सिंह ने बताया कि शॉटगन शूटिंग एक खर्चीला और चुनौतीपूर्ण खेल है। इसमें सफलता हासिल करने के लिए मानसिक एकाग्रता, तकनीकी दक्षता और निरंतर अभ्यास बेहद जरूरी है। कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली नंदीका का लक्ष्य भारत के लिए ओलंपिक में महिला ट्रैप शूटिंग का स्वर्ण पदक जीतना है।

कोच और प्रशासन के सहयोग से मिली सफलता

नंदीका की इस उपलब्धि में शॉटगन कोच केसरी सिंह नाचना के विशेष मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही कोटा जिला प्रशासन और जिला कलेक्टर कार्यालय से समय-समय पर मिले सहयोग ने भी उन्हें खेल में आगे बढ़ने में मदद की।

नंदीका सिंह की इस शानदार सफलता पर खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी उपलब्धि ने कोटा की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दी है।

IMG-20261001-WA0050
previous arrow
next arrow

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles