42 वर्षों से आयोजित हो रहा है स्मृति समारोह, भजन संध्या, लोक संस्कृति कार्यक्रम और विराट कवि सम्मेलन होंगे मुख्य आकर्षण
कोटा। स्वतंत्रता सेनानी मेहर श्री कल्याण मल टेलर की स्मृति में इस वर्ष 23 दिसंबर को कोटा में विशाल स्मृति समारोह एवं सद्भावना दिवस का आयोजन किया जाएगा। भारतीय साहित्य एवं कला संस्कृति संस्थान मांगरोल की ओर से पिछले 42 वर्षों से लगातार यह आयोजन किया जा रहा है। इस बार कार्यक्रम कोटा नगरी में बड़े स्तर पर आयोजित होगा।
संस्थान की ओर से वर्ष 1989 में प्रेमजी प्रेम के संयोजन में एक विशाल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया था। इसमें 285 कवि-साहित्यकारों और एक दर्जन कला मंडलों ने भाग लेकर लोककला, संस्कृति और साहित्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की थी।
स्वतंत्रता सेनानी मेहर श्री कल्याण मल टेलर ने वर्ष 1937 से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अपने गीतों के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनचेतना जगाई और क्रांति की भावना को मजबूत किया। देश की आजादी के बाद भी उन्होंने अपना पूरा जीवन लोकसेवा के लिए समर्पित रखा।
उनकी स्मृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से उनके पुत्र जनकवि डॉ. जगदीश निराला प्रतिवर्ष साहित्य और लोक संस्कृति से जुड़े आयोजन करते आ रहे हैं। समय के साथ इस आयोजन को जनहितैषी गतिविधियों से भी जोड़ा गया। जरूरतमंद लोगों को भोजन, खुले में सोने वाले लोगों को कंबल वितरण और आमजन के लिए निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर जैसी सेवाएं शुरू की गईं। इन जनकल्याणकारी गतिविधियों के चलते प्रशासन ने इस आयोजन को सद्भावना दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, जो निरंतर जारी है।
डॉ. जगदीश निराला ने बताया कि इस बार कोटा में तीन सत्रों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पहला सत्र : भजन संध्या
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रख्यात भजन गायिका दीपिका मैहर अपनी भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगी।
दूसरा सत्र : लोक संस्कृति और कला
द्वितीय सत्र लोक सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित रहेगा। इसमें देश-विदेश में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकीं प्रसिद्ध लोक कलाकार अलका दुलारी राजाराम और एडवोकेट नेहा पांचाल की पार्टी द्वारा लोक संगीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
तीसरा सत्र : साहित्यिक आयोजन एवं विराट कवि सम्मेलन
अंतिम सत्र में स्वतंत्रता सेनानी मेहर श्री कल्याण मल टेलर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर साहित्यकारों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। इसी सत्र में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन भी होगा, जिसका संचालन राष्ट्रीय कवि राजेंद्र पवार करेंगे।
यह आयोजन स्वतंत्रता सेनानी के संघर्ष, साहित्यिक विरासत, लोक संस्कृति और सामाजिक सद्भावना को समर्पित रहेगा।






