एथलेटिक्स में रवि गुर्जर ने जीते स्वर्ण एवं रजत पदक, प्रगति इंटरनेशनल स्कूल का बढ़ाया गौरव
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा। विगत 9 से 11 अक्टूबर तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बड़ागांव, कोटा में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रगति इंटरनेशनल स्कूल के छात्र रवि गुर्जर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स के अंडर-19 छात्र वर्ग में रवि गुर्जर ने गोला फेंक स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं डिस्कस थ्रो स्पर्धा में शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए रजत पदक अपने नाम किया। छात्र की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. फेमिना ने रवि गुर्जर को बधाई देते हुए सम्मानित किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर प्रगति करने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।








